नई सरकार बनते ही एक्शन में सम्राट, अपराधियों के बाद अब सिस्टम को खुली चुनौती, क्या भ्रष्ट अधिकारियों पर होगी कार्रवाई?
बिहार में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं।
पटना:बिहार में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शपथ ग्रहण के बाद जहां एक ओर वे बैठकों और धार्मिक भ्रमण में व्यस्त हैं, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था को लेकर उनके तेवर पहले जैसे ही सख्त दिख रहे हैं। उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री रहते हुए उन्होंने अपराधियों को सीधी चेतावनी दी थी—“जिन्हें ऊपर भेजना है, ऊपर भेजेंगे, जिन्हें जेल भेजना है, जेल भेजेंगे।” अब सवाल उठता है कि क्या वही सख्ती सिस्टम के अंदर बैठे भ्रष्ट अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर भी दिखेगी? बिहार में शराबबंदी के बाद एक बड़ा आरोप यह भी रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी और अधिकारी इस कानून का गलत फायदा उठाकर अवैध कमाई में जुट गए। ऐसे में आम जनता के बीच यह चर्चा तेज है कि क्या नई सरकार इन ‘सफेदपोश खिलाड़ियों’ पर भी नकेल कसेगी? सम्राट चौधरी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अगर कोई पुलिसकर्मी या अधिकारी गड़बड़ी करता है तो उस पर भी कार्रवाई तय है।
सबसे बड़ा सवाल अब यही है—क्या सरकार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संपत्ति की जांच कराएगी? क्या यह पता लगाया जाएगा कि नौकरी में आने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति क्या थी और आज वे कितनी संपत्ति के मालिक हैं? अगर ऐसा होता है तो यह बिहार की राजनीति और प्रशासन में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। एक तरफ राज्य का राजस्व शराबबंदी से प्रभावित हुआ है, दूसरी ओर इसी कानून की आड़ में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे हैं। अब देखना होगा कि ‘सम्राट सरकार’ सिर्फ अपराधियों तक सीमित रहती है या सिस्टम के अंदर बैठे भ्रष्टाचार के जाल को भी तोड़ने का साहस दिखाती है।
dhananjaykumarroy